खबर
Top News

विधायक के करीबी और शराब ठेकेदार के बीच अवैध अहाते के विवाद में गार्ड ने की थी फायरिंग: ठेकेदार पक्ष से भी लिया आवेदन; जांच के बाद होगी कार्रवाई

KHULASA FIRST

संवाददाता

29 मई 2026, 6:52 pm
187 views
शेयर करें:
विधायक के करीबी और शराब ठेकेदार के बीच अवैध अहाते के विवाद में गार्ड ने की थी फायरिंग

खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अवैध अहाते को लेकर शराब ठेकेदार और राऊ भाजपा विधायक मधु वर्मा के समर्थकों के बीच हुए विवाद में ठेकेदार के गार्ड द्वारा की गई फायरिंग से हड़कंप मच गया।

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों पक्ष वहां से भाग गए। मामले में फिलहाल शराब ठेकेदार के गार्ड पर केस दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे पक्ष ठेकेदार से भी पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू की बात कही है। हालांकि, किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

अवैध गुमटी हटाने पर शुरू हुआ विवाद: जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत शराब दुकान के बाहर लगी पानी और नमकीन की अवैध गुमटी हटाने को लेकर हुई।

भाजपा विधायक के समर्थक भानू प्रताप सिंह सिसोदिया उर्फ छोटा भानू ने शराब ठेकेदार सिद्धार्थ जायसवाल से दुकान ली थी, जिसे उसका साथी बदमाश किशोर मराठा संचालित करता था।

कुछ दिन पहले दुकान के बाहर कचरा फैलने पर नगर निगम ने ठेकेदार पर 90 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था।

इसके बाद ठेकेदार द्वारा दुकान हटाने का दबाव बनाया जा रहा था। बुधवार रात करीब 12 बजे भानू और उसके गुर्गों को सूचना मिली कि दुकान हटाई जा रही है। इसके बाद वह करीब 50 समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचा और विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि उसके साथियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान बचाव में आए शराब ठेकेदार के कर्मचारियों ने बियर की बोतलें बरसाना शुरू कर दी। तभी एक गार्ड ने हवा में फायर कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस की कार्रवाई ठंडे बस्ते में
टीआई यशवंत बड़ोले के अनुसार मामले में गार्ड के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। बताया कि घटना के दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो गए। शराब दुकान ओर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

दूसरी ओर शराब ठेकेदार सिद्धार्थ जायसवाल की तरफ से शिकायती आवेदन दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, घटना पुलिस की मौजूदगी में होने और मामला राऊ क्षेत्र के भाजपा विधायक मधु वर्मा से जुड़े समर्थकों का होने के कारण पुलिस की कार्रवाई ठंडे बस्ते में नजर आ रही हैं।

आरोप है कि भानू सिसोदिया और उसके साथियों का राजेंद्र नगर, राऊ क्षेत्र में दबदबा है। इलाके में शराब दुकानों किसी की हो, आसपास गुमटी और अहाता संचालन में भानु की टीम का हस्तक्षेप रहता है।

संबंधित समाचार

टिप्पणियाँ

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!