लॉरेंस बिश्नोई गैंग का इनामी बदमाश गिरफ्तार: ऐसे आपराधिक मामलों में निभाता था अहम भूमिका; पुलिस को कई मामलों में थी तलाश, हो सकते हैं बड़े खुलासे
KHULASA FIRST
संवाददाता

खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
इंदौर क्राइम ब्रांच ने कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश राहुल सिंह राठौर उर्फ बाबा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एसटीएफ द्वारा 15 हजार रुपए और क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार राहुल सिंह राठौर गैंग के सक्रिय सदस्य और मुख्य सरगना राजपाल चंदावत का करीबी सहयोगी था। वह व्यापारियों और व्यवसायियों को धमकाने, हथियारों की व्यवस्था करने तथा फायरिंग और रेकी के लिए युवकों को उपलब्ध कराने का काम करता था।
व्यापारियों को धमकाकर करते थे वसूली
क्राइम ब्रांच को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े आरोपी इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापारियों को धमकाकर अवैध वसूली की गतिविधियों में शामिल हैं।
इसी मामले की जांच के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी राजपाल चंदावत से पूछताछ में राहुल सिंह राठौर का नाम सामने आया था। पुलिस को जानकारी मिली थी कि राहुल गैंग के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और फरार चल रहा है। इसके बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई थी।
देवास के बिजाना गांव से गिरफ्तारी
सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने देवास जिले के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत ग्राम बिजाना में दबिश देकर राहुल सिंह राठौर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को इंदौर लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ विभिन्न मामलों में तलाश जारी थी।
गैंग के आर्थिक नेटवर्क को संभालता था
पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि राहुल सिंह गैंग के सदस्यों के बीच पैसों के लेन-देन का समन्वय करता था। वह गैंग के लिए तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों के संचालन में भी सहयोग करता था।
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी राजपाल चंदावत के लिए हथियारों की व्यवस्था करता था और गैंग के निर्देश पर फायरिंग एवं रेकी जैसी घटनाओं के लिए युवकों को तैयार कर भेजता था।
आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ क्राइम ब्रांच थाना इंदौर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उसके पुराने मामलों और गैंग से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
हो सकते हैं कई बड़े खुलासे
क्राइम ब्रांच अधिकारियों का मानना है कि राहुल सिंह राठौर की गिरफ्तारी से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के स्थानीय नेटवर्क, अवैध वसूली तंत्र और हथियार सप्लाई चैन से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके संपर्क में रहे अन्य संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इंदौर में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
संबंधित समाचार

अब तक सैकड़ों मकान बदल चुके हैं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में:सुप्रीम कोर्ट को इंदौर से क्या जानकारी जाएगी

पश्चिमी रिंग रोड, मांग पूरी नहीं तो काम नहीं:किसान फिर सड़क पर; करणी सेना भी साथ

रेडिसन चौराहे पर तेज रफ्तार का कहर:दो कारें भिड़ी; दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त, जनहानि नहीं

वारदात के लिए घूम रहे दो बदमाश चाकू सहित गिरफ्तार:ऑपरेशन क्लीन में लसूड़िया पुलिस ने देर रात की कार्रवाई
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!