खबर
Top News

कैबिनेट बैठक के बड़े फैसले: एफटीआरआई को मंजूरी; चना-मसूर खरीदी पर बड़ा फैसला, एयरपोर्ट के लिए 590 करोड़ मंजूर

KHULASA FIRST

संवाददाता

07 अप्रैल 2026, 2:21 pm
106 views
शेयर करें:
कैबिनेट बैठक के बड़े फैसले

खुलासा फर्स्ट, भोपाल।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में वित्तीय प्रबंधन, कृषि, सिंचाई, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई।

संचालन प्रशासन अकादमी से किया जाएगा
सरकार ने प्रदेश में फाइनेंशियल ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफटीआरआई) स्थापित करने को मंजूरी दी है, जो वित्तीय प्रबंधन, बजट आकलन और रिसर्च का प्रमुख केंद्र बनेगा। शुरुआती चरण में इसका संचालन प्रशासन अकादमी से किया जाएगा।

एससी छात्रों को बड़ी राहत
कैबिनेट ने अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के छात्रों के लिए बड़ी राहत देते हुए स्कॉलरशिप को 2000 रुपए से बढ़ाकर 10,000 रुपए प्रतिमाह करने का निर्णय लिया है। यह लाभ ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट छात्रों को मिलेगा।

कातन सिंचाई परियोजना को मंजूरी
एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि मंदसौर जिले में गांधी सागर बांध से जुड़ी कातन सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी गई है। इससे 3500 हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित होगा। 120 गांवों के 1358 परिवारों को लाभ मिलेगा। कुल लागत: 88.41 करोड़ रुपए।

चना-मसूर खरीदी पर बड़ा फैसला
सरकार ने रबी फसलों की खरीदी को लेकर भी अहम निर्णय लिया है।
चना: 5000 रुपए प्रति क्विंटल, 25% उत्पादन खरीदी
मसूर: 5800 रुपए प्रति क्विंटल, 100% खरीदी
कुल बजट: 3174 करोड़ रुपए
प्रदेश में गेहूं खरीदी 9 अप्रैल से शुरू होगी, जिसमें पहले छोटे किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी।

उज्जैन एयरपोर्ट के लिए 590 करोड़ मंजूर
उज्जैन में आगामी सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट निर्माण के लिए 590 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। यह राशि भूमि अधिग्रहण पर खर्च होगी। एयरपोर्ट का निर्माण केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

विभिन्न विभागों की योजनाओं को निरंतर रखने का फैसला
कैबिनेट ने कई विभागों की योजनाओं को जारी रखने के लिए भी बड़ी राशि स्वीकृत की है। वाणिज्यिक कर विभाग: 2952 करोड़ रुपए
वन विभाग: 5215 करोड़ रुपए
स्कूल शिक्षा विभाग: 4672 करोड़ रुपए

अंबेडकर जयंती पर 8 से 14 अप्रैल तक कार्यक्रम
भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर 8 से 14 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 अप्रैल को सभी जिला मुख्यालयों पर आयोजन होंगे, जबकि राज्य स्तरीय कार्यक्रम भिंड में आयोजित किया जाएगा।

सीएम बोले- प्रदेश के लिए शुभ रहा बीता सप्ताह
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बीता सप्ताह मध्य प्रदेश के लिए उपलब्धियों भरा रहा। नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश को कई फोरलेन सड़कों और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की स्वीकृति दी गई है, जिससे व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

वैश्विक पहचान मजबूत करने पर जोर
सीएम ने उज्जैन में आयोजित “महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम” अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें भारतीय काल गणना की वैज्ञानिकता पर मंथन हुआ। उज्जैन लंबे समय तक काल गणना का केंद्र रहा है और उसकी इस पहचान को वैश्विक स्तर पर पुनः स्थापित करना उद्देश्य है।

संबंधित समाचार

टिप्पणियाँ

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!