खबर
Top News

सरेराह तलवार लेकर दौड़ा रसूखदार भाजपा नेता का भाई

KHULASA FIRST

संवाददाता

07 अप्रैल 2026, 6:22 pm
79 views
शेयर करें:
सरेराह तलवार लेकर दौड़ा रसूखदार भाजपा नेता का भाई

खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
शहर में कानून का खौफ खत्म होता नजर आ रहा है। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देश पर भले ही गुंडे-बदमाशों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस अभियान चलाया जा रहा हो, लेकिन रसूखदारों के सामने यह कार्रवाई बौनी साबित हो रही है।

एरोड्रम थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े सड़क पर तलवारबाजी का खौफनाक मंजर सामने आया, जहां एक भाजपा नेता के भाई ने खुलेआम तलवार लहराते हुए युवक को जान से मारने दौड़ा। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना का वीडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय चुप्पी साध ली।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर जिम संचालक आशु व्यास और सुखदेव नगर मेन रोड निवासी राजू खंडेलवाल के बीच गाड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। मामूली कहासुनी कुछ ही देर में गाली-गलौज में बदल गई। इसके बाद मामला उस वक्त खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया, जब भाजपा नेता का भाई राजू खंडेलवाल तलवार लेकर मौके पर आ धमका और युवक को सरेराह दौड़ाने लगा।

सड़क पर मौजूद लोग इस दौरान दहशत में आ गए। तलवार से हमला करने पहुंचे खंडेलवाल को देख महिलाएं चीखने लगी। पीड़ित जैसे तैसे खुदको बचाते हुए नजर आया तो कुछ देर बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

लेकिन जैसे ही फरियादी शिकायत दर्ज कराने थाने जाने लगा, भाजपा नेता खुद मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए दोनों पक्षों को बैठाया और दबाव बनाकर राजीनामा करवा दिया। इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, जिस युवक पर तलवार लहराई गई, वह इतना डरा हुआ है कि अब लोगों से वीडियो शेयर न करने की गुजारिश कर रहा है। इलाके के रहवासियों ने बताया कि राजू खंडेलवाल का यह कोई पहला मामला नहीं है। वह आए दिन लोगों से विवाद करता है और अपने रसूख का रौब झाड़ता है।

बताया जाता है कि कुछ दिन पहले ही एक पंडित की जेब कटने के मामले में जब फरियादी उसकी दुकान पर सीसीटीवी फुटेज देखने पहुंचा था, तब भी खंडेलवाल ने उसके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करने से बचती है।

सवाल यह है कि जब सरेराह तलवार लेकर लोगों को दौड़ाने वाले पर भी कार्रवाई नहीं होती, तो आम जनता आखिर किस पर भरोसा करे? इंदौर में कानून का राज चलेगा या रसूखदारों का, यह देखने वाली बात होगी।

घर के नीचे से चल रहा करोड़ों का हवाला कारोबार
खुलासा फर्स्ट को विश्वसनीय सूत्रों ने बताया जिम संचालक आशु व्यास पर सरेराह जानलेवा हमले की नियत से तलवार लेकर दौड़े भाजपा नेता के भाई राजू खंडेलवाल का हवाले के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार संचालित होता है। बताया जा रहा है कि राजू खंडेलवाल ने अपने घर के नीचे ही ऑफिस बना रखा है, जहां से पूरा लेन-देन संचालित किया जाता है।

हवाला नेटवर्क के जरिए बड़े पैमाने पर पैसों का ट्रांजैक्शन यहीं से किया जाता है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। खंडेलवाल के भाई एक मंत्री के करीबी है, जिसके चलते उसे राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है। यही वजह है कि खुलेआम विवाद, तलवारबाजी और अवैध कारोबार के आरोपों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही।

संबंधित समाचार

टिप्पणियाँ

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!