खबर
Top News

मंदिर के गरबे की जमीन पर कब्जा कर बना ली 9 दुकानें: अपने ही राज में भाजपा नेताओं के कारनामे

KHULASA FIRST

संवाददाता

09 अप्रैल 2026, 6:29 pm
100 views
शेयर करें:
मंदिर के गरबे की जमीन पर कब्जा कर बना ली 9 दुकानें

खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
भाजपा के शासन में पार्टी के नेता किस कदर कब्जे कर रहे हैं, इसका एक और मामला सामने आया है। मूसाखेड़ी में पूर्व पार्षद पति ने मंदिर परिसर में गरबे की जगह पर कब्जा कर दुकानें बना लीं। मामला वार्ड-51 के शाहीन नगर का है। यहां बने मंदिर के परिसर में जहां हर वर्ष गरबों का भव्य आयोजन होता है, वहां अब भाजपा नेताओं ने कब्जा कर लिया।

यह कब्जा भाजपा के ज्योतिबा फुले मंडल के महामंत्री नरेश पुरोहित ने कमल यादव और रेम बघेल के साथ मिलकर किया है। इन नेताओं का आतंक ऐसा है कि पिछले दिनों नगर निगम की रिमूवल टीम ने राम नगर से शाहीन नगर तक अतिक्रमण हटाए थे, लेकिन मंदिर की जमीन पर कब्जा कर बनाई गई 9 दुकानों की ओर झांका भी नहीं।

कब्जाधारियों में कमल पूर्व भाजपा पार्षद वंदना यादव के पति हैं और पिछली बार जब टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। बहरहाल, मंदिर की जमीन पर जब दुकानें बनना शुरू हुईं, तभी से क्षेत्र के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया था, लेकिन रसूख के आगे उनकी एक न चली और अब दुकानें बनकर तैयार हो गई हैं। लोगों का कहना है कि वे 25 साल से मंदिर परिसर में गरबों का आयोजन करवाते आ रहे हैं। उसी जमीन पर भाजपा नेताओं ने कब्जा कर लिया।

जमीन निजी तो निगम ब्लॉक कैसे लगाए?...जिस जगह दुकानें बनाई गईं, वहां नगर निगम ने 2 लाख रुपए की लागत से ब्लॉक भी लगाए हैं, जबकि नेता कह रहे हैं कि यह जमीन हमारी है। ऐसे में सवाल यह है कि यदि यह निजी जमीन है, तो फिर निगम ने ब्लॉक क्यों लगाए? क्षेत्रवासियों ने विधायक महेंद्र हार्डिया सहित निगम अधिकारियों को भी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पार्षद मलखान कटारिया से शिकायत करने पर उनका कहना था कि आप आंदोलन करें, मैं आपके साथ हूं।

रहवासियों ने बताया कुछ दुकानें मंदिर के पीछे की ओर बनी थीं, जो अब आगे आ गई हैं। रेम बघेल और यादव ने मंदिर परिसर से लगी हेमा अग्रवाल नामक महिला की जमीन पर भी कब्जा कर लिया, जो कई बार शिकायतें कर चुकी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। मामले में जांच कर रहे आजाद नगर थाने के पुलिस अधिकारी दीपेंद्र शर्मा ने कहा उन्हें शिकायत मिली है और जांच चल रही है।

नोटिस दिया है, जवाब आने पर करेंगे कार्रवाई
मामले में जोन-18 के बीओ तन्मयसिंह चौहान ने बताया उन्होंने शिकायत मिलने के बाद सभी को नोटिस जारी किया है। जवाब मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार

टिप्पणियाँ

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!