कलेक्टर जनसुनवाई में मिली राहत: पढ़ाई, इलाज और आजीविका के लिए तत्काल मदद
KHULASA FIRST
संवाददाता

खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
कलेक्टर शिवम वर्मा की विशेष उपस्थिति में आज कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में करीब 305 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कई प्रकरणों पर मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए जरूरतमंदों को राहत प्रदान की गई। जनसुनवाई के दौरान किसी को शिक्षा के लिए सहायता मिली तो किसी को इलाज हेतु आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया गया। कई हितग्राही अपने कार्य पूर्ण होने पर कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त करने भी पहुंचे।
कलेक्टर ने बताया कि जिन प्रकरणों में तत्काल सहायता संभव थी, उनमें तुरंत कार्रवाई की गई, जबकि राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों से जुड़े मामलों को निराकरण हेतु समय-सीमा तय कर संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है, ताकि समयसीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
जनसुनवाई में एक दिव्यांग युवक शुभम साहू का मामला सामने आया, जिसकी मोटराइज्ड व्हीलचेयर खंडवा से इंदौर की बस यात्रा के दौरान गुम हो गई थी। तत्काल उसकी आवश्यकता को देखते हुए उसे मोटराइज्ड व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आरटीओ को निर्देश दिए कि घटना के संबंध में संबंधित बस की जांच भी कराई जाए।
एक वृद्ध महिला श्रीमती सविता शिंगले अपने पोता-पोती के साथ सहायता के लिए पहुंची। वृद्ध महिला ने बताया कि बेटे का निधन हो चुका है और बहू ने पुनर्विवाह कर लिया है। बच्चों की देख-रेख में कर रही हूँ। आय के साधन पर्याप्त नहीं होने से दिक्कत हो रही है। प्रशासन ने तत्काल भरण-पोषण की व्यवस्था करते हुए बच्चों का नाम मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना में जोड़ने के निर्देश दिए। तात्कालिक सहायता के रूप में इन्हें 24 हजार रुपये की मदद भी दी गई।
स्वास्थ्य संबंधी मामलों में भी संवेदनशीलता दिखाते हुए एक किडनी मरीज के इलाज हेतु आर्थिक सहायता दी गई। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रोशन राय सहित अन्य अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याओं को सुना और उनका यथासंभव निराकरण किया।
संबंधित समाचार

STF कमांडो की हार्ट अटैक से मौत:मॉक ड्रिल के दौरान बिगड़ी थी तबीयत; बैरक में मिले अचेत

ड्रोन से अंतरराज्यीय सतपाल फौजी गैंग का सदस्य धराया:गुड़गांव से पकड़ाया आरोपी; 25 लाख के जेवर और कार जब्त

सरेराह तलवार लेकर दौड़ा रसूखदार भाजपा नेता का भाई

छेड़छाड़ से तंग आकर छात्रा ने खुद को लगाई आग:FIR करने पर पिता को आरोपियों ने पीटा; चार नाबालिगों पर केस
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!