एक दिन में लाखों की डिजिटल लूट: साइबर ठगों ने कई लोगों को बनाया शिकार; अलग-अलग थानों में 20 से ज्यादा शिकायतें
KHULASA FIRST
संवाददाता

खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
शहर में साइबर अपराध अब इक्का-दुक्का वारदात नहीं, बल्कि हर इलाके में फैल चुकी संगठित डिजिटल लूट बन चुका है। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सामने आए मामलों ने यह साफ कर दिया कि अब ठग सिर्फ ओटीपी या बैंक कॉल तक सीमित नहीं रहे, बल्कि मोबाइल हैकिंग, फर्जी एप, लिंक, निवेश, क्रिप्टो, कूरियर, टेलीग्राम ग्रुप, मोबाइल अपडेट और लोन सेटलमेंट जैसे नए-नए जाल बिछाकर लोगों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं।
एक ही दिन में शहर के कई थानों में दर्ज शिकायतों के मुताबिक, बुजुर्ग महिला से लेकर कारोबारी, शेयर ट्रेडर, नौकरीपेशा, सामान्य मोबाइल यूजर और छोटे व्यापारियों तक को निशाना बनाया गया।
किसी का मोबाइल हैक हुआ, किसी के खाते से रकम धीरे-धीरे निकाली गई, किसी को निवेश में मुनाफे का लालच दिया गया, तो किसी को पार्सल, इंटरनेशनल कूरियर या लोन सेटलमेंट के नाम पर ठग लिया गया। इन घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है।
हर मामले में तरीका अलग है, लेकिन नतीजा एक ही कि पीड़ितों के खाते खाली और साइबर गिरोह गायब। शहर के अलग-अलग थानों में दर्ज प्रकरणों को देखें तो साफ लगता है कि ठग अब व्यक्ति की जरूरत, लालच, डर और तकनीकी अनभिज्ञता का फायदा उठा रहे हैं।
मोबाइल हैक कर खातों में सीधी सेंध
साइबर अपराधियों का सबसे खतरनाक तरीका अब मोबाइल और बैंकिंग एक्सेस पर कब्जा बन गया है। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र की सिद्धि विनायक कॉलोनी निवासी सुनील कुमार शुक्ला ने पुलिस को बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया।
इसके बाद उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन कर राशि निकाल ली गई। इसी तरह रवि कुमार प्रजापत, निवासी वेंकटेश विहार ने शिकायत की कि अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल नंबर हैक कर उनके खाते से करीब ढाई लाख रुपए निकाल लिए।
निवेश, शेयर मार्केट और क्रिप्टो बना सबसे बड़ा जाल
शहर में सामने आए कई मामलों में ठगों ने जल्दी मुनाफे और भारी रिटर्न का लालच देकर लोगों को फंसाया। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के आनंद सागर, निवासी हनुमान खेड़ी, ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति ने एक ऑनलाइन ग्रुप में जोड़ा।
इसके बाद अलग-अलग तरह की बातें बताकर एक एप के माध्यम से उनका खाता लॉगआउट कर दिया गया और शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट के नाम पर उनसे 94 हजार रुपए ठग लिए गए। इसी थाना क्षेत्र के अमित व्यास, निवासी श्री सागर कॉलोनी ने शिकायत की कि उन्हें भी एक ग्रुप में जोड़ा गया और अलग-अलग वेबसाइट के जरिए उनके खाते से 4 लाख रुपए निकाल लिए गए।
एमआईजी थाना क्षेत्र के तरुण भाटी, निवासी श्रीनगर एक्सटेंशन, ने पुलिस को बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने क्रिप्टो करेंसी खरीदने के नाम पर उनके खाते से 1.80 लाख रुपए निकाल लिए। विजय नगर थाना क्षेत्र के विजय रसिया ने शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति ने इन्वेस्टमेंट के नाम पर उनसे 3.30 लाख रुपए ले लिए।
लसूड़िया थाना क्षेत्र के सुनील परमार निवासी प्लैटिनम पैराडाइज ने बताया कि वे शेयर बाजार में ट्रेडिंग करते हैं। उन्होंने अपने ट्रेडिंग अकाउंट में 1.90 लाख रुपए डाले थे। कुछ समय बाद उनके अकाउंट में कुल राशि करीब 2.94 लाख रुपए दिखाई देने लगी, लेकिन जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो भुगतान नहीं मिला।
इसी दौरान अज्ञात ठग ने उनका अकाउंट अपने कब्जे में ले लिया। चंदननगर थाना क्षेत्र के शिव राठौर, निवासी डायमंड पैलेस कॉलोनी ने पुलिस को बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने इन्वेस्टमेंट के नाम पर उनसे 1.70 लाख रुपए ठग लिए।
द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के मुकेश शर्मा ने शिकायत की कि उन्हें टेलीग्राम पर एक ग्रुप में जोड़ा गया, जहां निवेश का लालच देकर उनसे ऑनलाइन रकम डलवाई गई और बाद में उनके साथ धोखाधड़ी कर ली गई। इन मामलों में एक पैटर्न साफ दिख रहा है कि पहले ग्रुप में जोड़ो, फिर रोजाना मुनाफे के सपने दिखाओ, उसके बाद छोटी रकम पर भरोसा बनाओ और आखिर में बड़ी रकम डलवाकर प्लेटफॉर्म गायब।
फर्जी कूरियर, इंटरनेशनल कनेक्शन और पार्सल डील का झांसा
एरोड्रम थाना क्षेत्र के अशोक कुमार गुप्ता, निवासी ओम विहार कॉलोनी, ने पुलिस को बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनसे ‘डॉ. लिसा देवी, स्कॉटलैंड’ के नाम से संपर्क किया और इंटरनेशनल कूरियर सर्विस, दिल्ली एयरपोर्ट के नाम पर उनसे करीब 10.30 लाख रुपए ठग लिए।
यह दिन की सबसे बड़ी रकम वाली ठगी में शामिल है। इससे साफ है कि साइबर ठग अब विदेशी पहचान, फर्जी पार्सल, एयरपोर्ट क्लीयरेंस और कस्टम चार्ज जैसे बहानों से भी लोगों को फंसा रहे हैं। तुकोगंज थाना क्षेत्र के ऋषभ देसाई, निवासी सनराइज टावर, ने शिकायत की कि एक एम शाह कंपनी के व्यक्ति ने सुतली के बंडल सप्लाई करने के नाम पर उनके पिता से 2.17 लाख रुपए ले लिए।
न माल पहुंचा और न ही पैसे लौटाए गए। बाद में आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के राहुल अजपलिया, निवासी गोपाल बाग, ने शिकायत दर्ज कराई कि फेविक कपड़ों का पार्सल भेजने और सौदा कराने के नाम पर जयपुर, राजस्थान निवासी राकेश ताराचंदानी ने उनसे 1.08 लाख रुपए से अधिक की राशि लेकर अमानत में खयानत की।
ऑफलाइन ठगी भी, कार और जेवर तक निशाने पर
भंवरकुआं थाना क्षेत्र में रुद्र पांडे के खिलाफ कार किराए पर लेने के नाम पर अमानत में खयानत का मामला दर्ज हुआ है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने एमपी-09-जेडपी-9055 नंबर की कार किराए पर ली, लेकिन बाद में न कार लौटाई और न ही किराया दिया।
इसी तरह सराफा थाने में, खजूरी बाजार निवासी अंजना जैन, ने शिकायत की कि वह खरीदारी करने शंकर बाजार गई थी। इसी दौरान आगे अज्ञात व्यक्ति मिले और उनके सोने के दो कड़े अंगूठी का छल्ला निकाल कर फरार हो गए।
लिंक और फर्जी एप ने बढ़ाया खतरा
राजेंद्र नगर क्षेत्र के कपिल पटेल, निवासी केसरबाग रोड, ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर अपडेट का नोटिफिकेशन आया। जैसे ही उन्होंने अपडेट किया, मोबाइल बार-बार बंद और चालू होने लगा। तभी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक ऑफ इंडिया खाते से 3 लाख रुपए खातों में ट्रांसफर कर दिए।
यह मामला गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि इसमें ठगों ने किसी कॉल या ओटीपी के बजाय मोबाइल अपडेट जैसे तरीके से पूरा सिस्टम अपने कब्जे में लिया। इसी तरह कई मामलों में पीड़ितों ने बताया कि उन्हें फर्जी लिंक, टेक्स्ट मैसेज या ऐप के जरिए जाल में फंसाया गया।
सदर बाजार थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय मीनाक्षी कुरकुरे ने शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति ने उनसे मनी लांड्रिंग केस का सेटलमेंट कराने के नाम पर 5 लाख रुपए ठग लिए। यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि ठगों ने सीधे एक बुजुर्ग महिला को कानूनी और वित्तीय समाधान का झांसा देकर निशाना बनाया।
मल्हारगंज थाना क्षेत्र के सुजान सांत्रा, निवासी शंकरगंज जिंसी, ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ 2 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कराया। छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र के सैयद अली ने पुलिस को बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें डरा-धमकाकर 2 लाख रुपए हड़प लिए।
संबंधित समाचार

ड्रग्स फैक्ट्री मामले में बड़ा एक्शन:मास्टरमाइंड सहित 4 आरोपियों की 16 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

पिंक सिटी से पकड़ाया एमडी तस्कर:11.25 ग्राम ड्रग्स जब्त; रिमांड पर लेकर पुलिस कर रही पूछताछ

युद्ध का सीधा असर बाजार पर:इस देश से सूखे मेवे आना बंद; महंगाई तेज, ट्रांसपोर्ट से लेकर उद्योग तक दबाव

सौतेले भाई ने भतीजे को उठाया:हत्या की कहानी सुनाकर फैलाई सनसनी; चार घंटे में अपहरण कांड का खुलासा
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!